बलिया (उप्र), सात अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पार्टी कार्यकर्ता और अन्य लोग एकत्र हुए।
बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र से विधायक सिंह (55) का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार की रात नगरा थाना क्षेत्र के खनवर गांव स्थित पैतृक निवास स्थान पर लाया गया। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक हंसू राम, पूर्व मंत्री नारद राय, भाजपा के जिला अध्यक्ष संजय मिश्र ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।
शुक्रवार को मौसम खराब होने और हल्की बूंदाबांदी के बावजूद विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और आम व्यक्ति बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
शव यात्रा शुक्रवार शाम जिला मुख्यालय के पड़ोस में स्थित श्री रामपुर घाट पर पहुंची जहां राजकीय सम्मान के साथ विशाल जनसमूह की उपस्थिति में गंगा नदी के तट पर अंतिम संस्कार सम्पन्न हुआ। पार्थिव शरीर को मुखाग्नि सिंह के बेटे प्रिंस यूकेश सिंह ने दी।
प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे जो उमाशंकर सिंह के समधी हैं।
उमाशंकर सिंह का बुधवार की रात दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था।
भाषा सं राजेंद्र जोहेब
जोहेब