बलिया (उप्र), तीन अगस्त (भाषा) बलिया जिले के दुबहड़ क्षेत्र के नगवा गांव में पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति की लाठी से वार कर कथित तौर पर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार रविवार को रात आठ बजे राजदेव पाठक (58) अपने पड़ोसी काशी यादव के दरवाजे पर बैठा था तभी उसका रिश्तेदार एवं पड़ोसी उत्कर्ष पाठक एक पुराने विवाद को लेकर झगड़ा करने लगा और राजदेव पर लाठी से वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उसने बताया कि राजदेव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में राजदेव के पुत्र आलोक पाठक से प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करते हुए आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया गया है।
भाषा सं सलीम खारी
खारी