बलिया में विवाहित महिला से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

बलिया में विवाहित महिला से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 04:31 PM IST

बलिया (उप्र) सात अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में विवाहित महिला से बलात्कार करने और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार महिला की तहरीर पर उसके पड़ोसी सिद्धार्थ सिंह (26) के खिलाफ दुष्कर्म से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) व जबरन वसूली से जुड़ी धारा 308 (1) के तहत हल्दी थाने में मामला दर्ज किया गया।

महिला ने तहरीर में आरोप लगाया कि सिद्धार्थ ने 10 फरवरी को घर में उसके अकेले होने का लाभ उठाकर बलात्कार किया और वीडियो बना लिया।

शिकायत के अनुसार महिला ने कहा कि इसके बाद वह वीडियो के आधार पर उसे परेशान करने लगा तो वह गुजरात अपने पति के पास चली गई और पति को घटना की जानकारी दी।

शिकायत में कहा गया है कि महिला और उसके पति ने सिद्धार्थ से वीडियो ‘डिलीट’ करने की बात की तो उसने उससे पांच लाख रुपये की मांग की।

महिला ने शिकायत में कहा कि पति ने सिद्धार्थ के बैंक खाते में सत्तर हजार रुपये भेजे, लेकिन इसके बाद भी वह उसे परेशान करता रहा।

बैरिया क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी सिद्धार्थ को शुक्रवार दोपहर थाना क्षेत्र के बेलहरी गांव से गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब