बलिया के कला शिक्षक इफ्तखार खान को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा
बलिया के कला शिक्षक इफ्तखार खान को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा
बलिया (उप्र), चार सितंबर (भाषा) शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने वर्ष 2026 के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए देशभर से 48 शिक्षकों का चयन किया है, जिनमें बलिया के जिला मुख्यालय स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के कला अध्यापक डॉ. इफ्तखार खान भी शामिल हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में खान को सम्मानित करेंगी।
अब तक 50 से अधिक सम्मान प्राप्त कर चुके डॉ. खान का मानना है कि प्रतिभा किसी आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती, जरूरत केवल उसे पहचानने और सही दिशा देने की है और यही सोच उनके प्रयासों का आधार रही है।
राजकीय इंटर कॉलेज में कला अध्यापक खान अपने घर पर बच्चों को निःशुल्क पढ़ाते हैं और गरीब परिवारों के जरूरतमंद बच्चों को ‘फाइन आर्ट्स’ का प्रशिक्षण देते हैं।
खान ने बताया कि वह वर्ष 2000 से हर रविवार अपने आवास पर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दे रहे हैं।
खान के अनुसार, उनके मार्गदर्शन में स्कूल के अलावा अब तक 200 से अधिक विद्यार्थी फाइन आर्ट्स के क्षेत्र में आगे बढ़ चुके हैं। इनमें से कई देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में सेवाएं दे रहे हैं, तो कुछ विदेश में भारतीय कला की पहचान बढ़ा रहे हैं।
भाषा सं आनन्द शफीक
शफीक

Facebook


