कन्नौज, एक मई (भाषा) बिहार के भागलपुर से कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा की शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में कन्नौज के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, कुशवाहा की कार अपराह्न करीब 12:30 बजे रानवा के पास सड़क किनारे बने एक खंभे से टकरा गई। बताया जा रहा है कि वाहन चालक को नींद आ जाने के कारण यह हादसा हुआ।
इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तालग्राम के थाना प्रभारी विनय ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रवीण सिंह कुशवाहा (52) भागलपुर जिले के कांग्रेस अध्यक्ष थे। वह दिल्ली से पटना जा रहे थे और उनके साथ उनकी साली सपना (23), विभु आर्यन (20) और चालक विनोद मंडल (40) मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, हादसे में सपना गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि चालक विनोद मंडल और विभु आर्यन को मामूली चोटें आई हैं। कुशवाहा के शव को तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कुशवाहा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भागलपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा जी के सड़क दुर्घटना में असमय निधन की खबर अत्यंत दुखद है।’’
राहुल गांधी ने कहा कि कुशवाहा का संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं शोक संतप्त परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में मैं उनके साथ खड़ा हूं।’’
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत