भाजपा ने साजिश के तहत ईवीएम में धांधली करके चंद्रशेखर आजाद को लोकसभा चुनाव जितवाया था: मायावती

Ads

भाजपा ने साजिश के तहत ईवीएम में धांधली करके चंद्रशेखर आजाद को लोकसभा चुनाव जितवाया था: मायावती

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 06:22 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 06:22 PM IST

लखनऊ, 28 सितंबर (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को आरोप लगाया कि भाजपा ने बसपा को नुकसान पहुंचाने के लिए षड्यंत्र के तहत ईवीएम में धांधली करके चंद्रशेखर आजाद को नगीना सीट से लोकसभा चुनाव जितवाया था।

वहीं, आजाद ने पलटवार करते हुए कहा कि इससे नगीना के उन लाखों मतदाताओं की भावना आहत हुई हैं, जिन्होंने उन्हें वोट दिया था।

युवा दलित नेता और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर नगीना सीट से सांसद हैं।

बसपा प्रमुख ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में चंद्रशेखर आजाद पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने साजिश के तहत ईवीएम में धांधली करके उन्हें जितवाया।

उन्होंने बसपा के परंपरागत मतदाताओं का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपनी एकमात्र हितैषी पार्टी बसपा को वोट देते हैं, लेकिन वह वोट किसी और के खाते में चला जाता है, जिससे धीरे-धीरे उनका मतदान से विश्वास उठता जा रहा है।

मायावती ने कहा, ‘इसका एक खास उदाहरण आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सांसद हैं, जिनका नगीना आरक्षित सीट पर कोई जनाधार नहीं है, लेकिन बसपा को नुकसान पहुंचाने की साजिश के तहत भाजपा ने ईवीएम में गड़बड़ी की और उन्हें जितवा दिया। लोग ऐसा मानते हैं।’

उन्होंने आजाद पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘भाजपा के इशारे पर काम करते हुए वह वहां पहुंच जाते हैं जहां दलितों पर अत्याचार और अन्याय होता है, लेकिन उन्हें न्याय दिलाने के बजाय धरना और प्रदर्शन आयोजित करते हैं और युवाओं को आगे कर देते हैं।’

बसपा प्रमुख ने कहा कि एक बार इन युवाओं के खिलाफ मामला दर्ज हो जाता है तो मामला निपटने तक वे सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य हो जाते हैं और धीरे-धीरे पीछे रह जाते हैं, जबकि उन्हें अदालतों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि दलितों को ऐसे लोगों की वजह से गुमराह नहीं होना चाहिए।

वहीं मायावती पर पलटवार करते हुए आजाद ने कहा, ” मुझे खुशी है कि अब बहन जी ने यह मान लिया है कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एक बड़ी ताकत बन गई है। बहन जी के प्रति मेरे मन में सदैव सम्मान रहा है।”

उन्होंने कहा, “उसी सम्मान के साथ उनसे कहना चाहता हूं कि नगीना की जनता ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मुझे 5,12,552 वोट देकर अपना प्रतिनिधि चुना। मेरे लिए यह केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि नगीना की जनता के भरोसे और प्रेम की जिम्मेदारी है। इस जनादेश के लिए मैं नगीना की जनता का सदैव ऋणी रहूंगा।”

सांसद ने कहा, ”चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाना लोकतंत्र में सभी का अधिकार है। मैं स्वयं भी चुनाव प्रक्रिया में अधिकतम पारदर्शिता और मतपत्र से चुनाव की मांग करता रहा हूं। लेकिन नगीना की महान जनता के जनादेश को किसी षड्यंत्र से जोड़ने से लाखों मतदाताओं की भावना भी आहत होती है।”

भाषा आनन्द रवि कांत जोहेब

जोहेब