भाजपा एमएलसी ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
भाजपा एमएलसी ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
गोरखपुर (उप्र), 30 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर अयोध्या में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच और मंदिर ट्रस्ट के कामकाज में व्यापक बदलाव करने की मांग की है।
सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘राम मंदिर करोड़ों भक्तों की आस्था का प्रतीक है और उसमें चढ़ावे की चोरी ने लोगों की भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाई है। यह घटना मंदिर प्रशासन और ट्रस्ट के अधिकारियों की जवाबदेही में गंभीर कमियों को दिखाती है।’
सिंह ने सवाल उठाया कि जब पहले ही ऐसे संकेत मिल रहे थे कि राम मंदिर के ‘‘चढ़ावे की चोरी’’ की जा रही है तब कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि इससे मंदिर का कामकाज संभालने वालों की जिम्मेदारी और आचरण पर गंभीर सवाल पैदा होते हैं।
दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों का उदाहरण देते हुए सिंह ने कहा कि वहां मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था और जवाबदेही तंत्र के कारण ऐसी घटनाएं बहुत कम होती हैं।
उन्होंने तर्क दिया कि ट्रस्ट और मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग अपने कर्तव्यों को निभाने में विफल रहे हैं और लोगों का भरोसा फिर से कायम करने के लिए उन्हें हटा दिया जाना चाहिए।
सिंह ने सुझाव देते हुए कहा कि मंदिर ट्रस्ट में भगवान राम के वंशजों को शामिल करने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, राम मंदिर आंदोलन के लिए अपनी जान देने वालों के परिवारों को ट्रस्ट में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और राम मंदिर अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले लोगों और उनके परिवार के सदस्यों को ट्रस्ट में जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए।
भाषा सं सलीम अमित
अमित

Facebook


