नाले में गिरी बच्ची का शव काली नदी से बरामद

नाले में गिरी बच्ची का शव काली नदी से बरामद

नाले में गिरी बच्ची का शव काली नदी से बरामद
Modified Date: August 1, 2026 / 04:38 pm IST
Published Date: August 1, 2026 4:38 pm IST

बुलंदशहर (उप्र), एक अगस्त (भाषा) बुलंदशहर में गत मंगलवार को कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित एक नाले में बही कक्षा चार की एक छात्रा का शव शनिवार को काली नदी से बरामद किया गया।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि गत 28 जुलाई को कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सुशीला पब्लिक स्कूल में कक्षा चार में पढ़ने वाली 11 वर्षीय चारु कश्यप जब स्कूल से लौट रही थी, तभी वह बारिश के दौरान नाले में बह गयी थी।

उन्होंने बताया कि चारु के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था।

सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा राहत बल, राज्य आपदा राहत बल, बाढ़ पीएसी और जिला प्रशासन की टीमें बच्ची की तलाश कर रही थीं।

उन्होंने बताया कि शनिवार को बच्ची के नाले में गिरने वाली जगह से लगभग एक किलोमीटर दूर उसका शव चावली गांव के पास काली नदी से बरामद किया गया।

बागपत से आए गोताखोर इरफान ने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और नगर पालिका की मदद से उसकी टीम ने आज चावली गांव से बच्ची का शव नदी में बरामद किया है।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नितीश कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।

भाषा सं. सलीम

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में