गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए नाले में फंसी कार, पांच लोगों को सुरक्षित बचाया गया

गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए नाले में फंसी कार, पांच लोगों को सुरक्षित बचाया गया

गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए नाले में फंसी कार, पांच लोगों को सुरक्षित बचाया गया
Modified Date: June 15, 2026 / 08:57 pm IST
Published Date: June 15, 2026 8:57 pm IST

हापुड़, 15 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए एक कार गहरे नाले में फंस गई, जिसके बाद उसमें सवार महिलाओं और बच्चों सहित एक ही परिवार के पांच सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रविवार को प्रीत विहार क्षेत्र के पास हुई। ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र स्थित साद्दीपुरा निवासी साहिल अपने परिवार के साथ मेरठ जिले के किठौर स्थित एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि दिल्ली फाटक ओवरब्रिज के पास सड़क मरम्मत कार्य के कारण बंद होने पर परिवार ने गूगल मैप द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्ग का अनुसरण किया।

अधिकारियों के अनुसार, आनंद विहार योजना क्षेत्र में जलभराव वाले हिस्से पर पहुंचने के बाद अंधेरे के कारण साहिल ने वहां जमा पानी को सामान्य जलभराव समझ लिया और कार आगे बढ़ा दी। इसी दौरान वाहन सड़क किनारे स्थित गहरे नाले में फिसल गया।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कार की इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली में खराबी आ गई, जिससे वाहन के दरवाजे स्वतः लॉक हो गए और कार में सवार सभी पांच लोग अंदर ही फंस गए।

डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग की सहायता ली। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने लगभग दो घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद कार की खिड़कियों और अन्य रास्तों से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि परिवार गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए अनजाने में गलत मार्ग पर पहुंच गया था। खराब दृश्यता और जलभराव के कारण उन्हें नाला दिखाई नहीं दिया।

अधिकारियों के अनुसार, बचाए गए परिवार ने उनकी जान बचाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

भाषा

सं, आनन्‍द रवि कांत


लेखक के बारे में