उच्च न्यायालय में झूठी रिपोर्ट भेजने पर लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उच्च न्यायालय में झूठी रिपोर्ट भेजने पर लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उच्च न्यायालय में झूठी रिपोर्ट भेजने पर लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Modified Date: September 16, 2026 / 05:59 pm IST
Published Date: September 16, 2026 5:59 pm IST

प्रतापगढ़ (उप्र), 16 सितंबर (भाषा) प्रतापगढ़ जिले में सरकारी जमीन पर कथित कब्जे से जुड़ी एक याचिका के मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय को झूठी रिपोर्ट सौंपने के आरोप में एक लेखपाल (राजस्व अधिकारी) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी क्षेत्र) आलोक कुमार ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के श्रीकांत का पुरवा-सराय सागर इलाके के लेखपाल राम सिंह के खिलाफ मंगलवार देर रात मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि सदर तहसील के अशोक मिश्रा नामक एक ग्रामीण ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की थी, जिसपर अदालत ने जिला प्रशासन से जवाब और रिपोर्ट मांगी थी।

कुमार ने बताया कि अदालत के निर्देश पर राम सिंह को जांच करके रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिये गये थे, जिसके बाद 13 अगस्त को उसकी रिपोर्ट उच्च न्यायालय को भेजी गयी थी।

उन्होंने बताया कि अदालत ने रिपोर्ट पर नाराजगी जताते हुए दोबारा जांच का आदेश दिया था।

कुमार ने बताया कि प्रशासन द्वारा बाद में की गई जांच में लेखपाल राम सिंह की सौंपी गई रिपोर्ट झूठी पाई गई।

उन्होंने बताया कि इस मामले में नायब तहसीलदार चंदन लाल राणा की शिकायत पर लेखपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में