मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा को लेकर सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा को लेकर सपा पर साधा निशाना
गोरखपुर (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में ‘‘गुंडागर्दी और अराजकता’’ का माहौल था।
मुख्यमंत्री ने चरगांवा में 8.05 करोड़ रुपये की लागत से बने राजकीय महिला आश्रय गृह का उद्घाटन करने के बाद कहा कि सपा के शासन में परिवार अपनी बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे और 2017 से पहले एक कहावत मशहूर हो गयी थी कि ‘‘देख सपाई, बिटिया घबरायी।’’
उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश कर्फ्यू, दंगों, भय, गुंडागर्दी और जमीन कब्जाने से मुक्त है।
सौ महिलाओं के निवास की क्षमता वाले आश्रय गृह में घरेलू हिंसा, परित्यक्ता और अन्य कठिन परिस्थितियों से जूझ रही महिलाओं को आश्रय और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घरेलू हिंसा से पीड़ित या परिवार से अलग हुई महिलाओं को अब आश्रय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
आदित्यनाथ ने रोजगार के मुद्दे पर दावा किया कि ‘मिशन रोजगार’ के तहत साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रही हैं।
आदित्यनाथ ने दावा किया कि प्रदेश में चार लाख से अधिक टीबी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों को शून्य पर लाया गया है।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इंसेफेलाइटिस से हर वर्ष करीब 500 बच्चों की मौत होती थी।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में सड़क, रेल और हवाई संपर्क में सुधार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गोरखपुर से वाराणसी की यात्रा का समय करीब ढाई घंटे रह गया है।
गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि नया आश्रय गृह परिवार का सहारा खो चुकी महिलाओं को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराएगा।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक

Facebook


