चंदौली स्कूल परिसर में 10वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग को पकड़ा गया

चंदौली स्कूल परिसर में 10वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग को पकड़ा गया

चंदौली स्कूल परिसर में 10वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग को पकड़ा गया
Modified Date: June 12, 2026 / 11:51 am IST
Published Date: June 12, 2026 11:51 am IST

चंदौली (उप्र), 12 जून (भाषा) चंदौली जिले के एक स्कूल परिसर में शुक्रवार सुबह अतिरिक्त कक्षा के दौरान 10वीं कक्षा के एक छात्र की चाकू मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी भी नाबालिग छात्र है, जिसे शिक्षकों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान प्रतापपुर गांव के निवासी 16 वर्षीय लवकुश के रूप में हुई है, जो उसी क्षेत्र के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय का छात्र था।

पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त लवकुश सुबह करीब सात बजे अतिरिक्त कक्षा में पढ़ने गया था। आरोपी छात्र भी करीब 16 साल का है और फतेहपुर गांव का रहने वाला है, जो क्लास में मौजूद था।

आरोपी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसने एक विवाद के बाद लवकुश पर हमला किया। उसका कहना है कि लवकुश पिछले दो-तीन दिनों से उसके साथ दुर्व्यवहार कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि चाकू लगने से लवकुश के सीने और पेट के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

भाषा सं जफर मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में