आगरा (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) आगरा पुलिस ने यहां सिकंदरा थाना इलाके के एक प्रतिष्ठित स्कूल में एक छात्र पर कथित हमले के बाद 10वीं कक्षा के एक छात्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सिकंदरा पुलिस थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, यह घटना 25 अप्रैल को थाना क्षेत्र स्थित डीपीएस स्कूल में हुई, जहां एक छात्र ने कथित तौर पर अपने सहपाठी को मुक्का मार दिया जिससे उसके मुंह और जबड़े को चोट पहुंची।
पीड़ित का कथित तौर पर मुक्के के ज़ोर से एक दांत टूट गया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत घायल छात्र के पिता (मोबाइल फोन व्यापारी और यूट्यूबर) पीयूष मल्होत्रा ने दर्ज कराई थी।
मल्होत्रा ने अपने घायल बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जो वायरल हो रहा है। पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अधिकारियों ने इस मामले पर आगे कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस स्कूल परिसर से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और घटना की विस्तृत जांच जारी है। लड़ाई का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष