वी-गार्ड इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 76 प्रतिशत बढ़कर 130.25 करोड़ रुपये पर

Ads

वी-गार्ड इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 76 प्रतिशत बढ़कर 130.25 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 07:27 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) वोल्टेज स्टेबलाइजर, इन्वर्टर जैसे उत्पाद बनाने वाली वी-गार्ड इंडस्ट्रीज लि. का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 76.4 प्रतिशत बढ़कर 130.25 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। एक साल पहले 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 73.85 करोड़ रुपये था।

वी-गार्ड इंडस्ट्रीज की एकीकृत शुद्ध परिचालन आय जून, 2026 को समाप्त तिमाही में 23.5 प्रतिशत बढ़कर 1,810.65 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 1,466.08 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के प्रदर्शन पर वी-गार्ड इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक मिथुन के. चिट्टिलाप्पिल्ली ने कहा, “चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान कंपनी के कारोबार ने मजबूत प्रदर्शन किया और सभी खंडों में दहाई अंक की वृद्धि हासिल की। पश्चिम एशिया में युद्ध से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने बेहतर मार्जिन बनाए रखते हुए मजबूत नतीजे हासिल किए।”

उन्होंने कहा, “हम भू-राजनीतिक स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखेंगे और आपूर्ति तथा मार्जिन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाते रहेंगे।’’

भाषा

रमण यासिर अजय

अजय