अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन बढ़कर 1,97,000 पर

Ads

अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन बढ़कर 1,97,000 पर

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 07:47 PM IST

वाशिंगटन, 30 जुलाई (एपी) अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन करने वालों की संख्या पिछले सप्ताह बढ़ी है। हालांकि, छंटनी अब भी ऐतिहासिक रूप से निचले स्तर पर बनी हुई है।

श्रम विभाग ने बृहस्पतिवार को बताया कि 25 जुलाई को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारी सहायता के लिए नए आवेदन 9,000 बढ़कर 1.97 लाख हो गए। इससे पिछले सप्ताह के आंकड़े को भी संशोधित कर 1,000 बढ़ाकर 1.88 लाख कर दिया गया है, जो अब भी 50 साल से अधिक समय में सबसे निचले स्तर में से एक है।

आंकड़ों के विश्लेषण से जुड़ी कंपनी फैक्टसेट के सर्वेक्षण में शामिल विश्लेषकों ने नए बेरोजगारी आवेदनों की संख्या 2,07,000 रहने का अनुमान लगाया था।

बेरोजगारी भत्ते के लिए साप्ताहिक आवेदन को आमतौर पर छंटनी का संकेतक माना जाता है और यह अमेरिकी रोजगार बाजार की स्थिति का लगभग वास्तविक समय का आकलन प्रदान करता है।

अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि के बावजूद अमेरिकी रोजगार बाजार मजबूत बना हुआ है। हालांकि, विश्लेषकों का कहना है कि यदि युद्ध लंबे समय तक चलता है और ऊर्जा लागत सामान्य से अधिक बनी रहती है, तो इसका असर रोजगार बाजार पर पड़ सकता है। इससे कंपनियां लागत घटाने के लिए कर्मचारियों की संख्या कम करने को मजबूर हो सकती हैं।

अमेरिकी कच्चे तेल की कीमत बृहस्पतिवार को करीब एक प्रतिशत घटकर 83.36 डॉलर प्रति बैरल पर रही। अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत भी फिर से चार डॉलर प्रति गैलन से ऊपर पहुंच गई है। इससे जहां उपभोक्ताओं के बजट पर दबाव बढ़ रहा है, वहीं ईंधन पर अधिक निर्भर कारोबार क्षेत्रों पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा है।

एपी रमण अजय

अजय