आयोग ने पार्टियों से किया एसआईआर के सुचारू क्रियान्वयन के लिए बूथ-स्तरीय एजेंट नियुक्त करने का आग्रह

आयोग ने पार्टियों से किया एसआईआर के सुचारू क्रियान्वयन के लिए बूथ-स्तरीय एजेंट नियुक्त करने का आग्रह

आयोग ने पार्टियों से किया एसआईआर के सुचारू क्रियान्वयन के लिए बूथ-स्तरीय एजेंट नियुक्त करने का आग्रह
Modified Date: October 29, 2025 / 06:47 pm IST
Published Date: October 29, 2025 6:47 pm IST

लखनऊ, 29 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने बुधवार को कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को राज्य, जिला और विधानसभा स्तरों पर पूरी तरह से समझना एवं संबंधित पक्षों द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों का समाधान करना पहली प्राथमिकता है।

रिणवा ने एसआईआर के क्रियान्वयन के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में समन्वय और स्पष्टता की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा,‘‘पहला कदम राज्य, जिला और विधानसभा तीनों ही स्तरों पर एक साथ बैठकर पूरी प्रक्रिया को समझना है। अगर कोई प्रश्न हैं तो हम उन्हें स्पष्ट करेंगे और उनके उत्तर देंगे।’’

रिणवा ने सुचारू ढंग से यह व्यापक चुनावी प्रक्रिया कराने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा बूथ-स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा,‘‘राज्य भर के हर बूथ पर अपने बूथ-स्तरीय एजेंट नियुक्त करना प्रत्येक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है।’’

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बीएलए नियुक्त करने की प्रक्रिया पहले ही राजनीतिक दलों के साथ साझा की जा चुकी है।

इस बैठक का उद्देश्य राजनीतिक दलों को प्रक्रियात्मक विवरणों से अवगत कराना और एसआईआर के तहत आगामी चुनावी तैयारियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

निर्वाचन आयोग ने 28 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के एसआईआर के दूसरे चरण की घोषणा की थी।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में