कन्नौज में शिक्षक का अपहरण करने के तीन आरोपी गिरफ्तार

कन्नौज में शिक्षक का अपहरण करने के तीन आरोपी गिरफ्तार

कन्नौज में शिक्षक का अपहरण करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: July 21, 2026 / 12:54 pm IST
Published Date: July 21, 2026 12:54 pm IST

कन्नौज (उप्र), 21 जुलाई (भाषा) सरकारी स्‍कूल के एक शिक्षक का अपहरण कर फिरौती मांगने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को कन्नौज जिले की सदर कोतवाली पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचा .315 बोर, चार कारतूस 315 बोर, घटना में प्रयुक्त कार तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, तिर्वा थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी देशराज सिंह (65) ने 14 जुलाई को अपने शिक्षक पुत्र राहुल कुमार राजपूत (31) की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि सोमवार को अपहृत शिक्षक के पिता देशराज सिंह ने थाना तालग्राम में एक प्रार्थना पत्र दिया जिसमें आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त अविनाश राजपूत, सर्वेन्द्र कुमार कुशवाहा, केशव पण्डित तथा सागर ने उसके पुत्र राहुल कुमार राजपूत का अपहरण कर लिया है और उसकी रिहाई के एवज में दस लाख रुपये की फिरौती मांगी है।

एसपी ने बताया कि इसी आधार पर गुमशुदगी के मामले में अपहरण समेत अन्य धाराओं को शामिल किया गया।

उन्होंने बताया कि सोमवार रात को अभियुक्त अविनाश राजपूत (34), सर्वेन्द्र कुमार कुशवाहा (26), केशव पण्डित उर्फ केशव अवस्थी (20) को मायापुरवा मोड बिरौली जंगल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। सभी थाना तिर्वा के रहने वाले हैं।

एसपी ने पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि अविनाश कुमार राजपूत और अपहृत शिक्षक राहुल कुमार राजपूत दोनों आपस में मित्र थे। अविनाश नोएडा मे रहकर एक फाइनेंस कंपनी चलाता था जिसमे उसे करोड़ों का घाटा हो गया।

एसपी ने कहा कि अविनाश पर लगभग दो करोड़ रुपये का कर्ज हो गया, जिसे चुकाने के लिये उसने अपने साथियों संग मिलकर शिक्षक मित्र राहुल कुमार राजपूत का अपहरण करने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार अपहृत राहुल सकुशल घर आ गया है।

भाषा सं आनन्द शफीक मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में