मुजफ्फरनगर (उप्र), 18 अप्रैल (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले के रामराज थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति के एक मजदूर की कथित तौर पर अगवा कर गला घोंटकर हत्या कर दी गयी और शव नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है तथा एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक मजदूर की पहचान रामराज थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी सुरेश (45) के रूप में हुई। सुरेश की गला घोंटकर हत्या कर दी गई और बाद में उसका शव गंगा नहर में फेंक दिया गया।
रामराज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रविंद्र यादव ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने विकल, कार्तिक भाटी और आदेश गोस्वामी सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
यादव ने कहा कि जांच के दौरान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विकल को गिरफ्तार कर लिया गया और नहर से सुरेश का शव बरामद किया गया। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सुरेश 16 अप्रैल को ईंट भट्ठे में काम करने गया था और घर नहीं लौटा। कुछ कहासुनी के बाद तीन लोगों ने उसे कार में अगवा कर लिया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और बाद में उसका शव गंगा नहर में फेंक दिया गया।
एसएचओ ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला