बांदा (उप्र), 11 फरवरी (भाषा) चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में बिजली का तार जोड़ने के मामूली विवाद में एक बुजुर्ग दलित कोटेदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रैपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) आशुतोष तिवारी ने बुधवार को बताया कि लौढ़िया माफी गांव में मंगलवार रात करीब नौ बजे बिजली के खंभे से बिजली का तार जोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था और इस दौरान एक पक्ष ने गांव के दलित कोटेदार सुखनंदन (70) को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
उन्होंने बताया कि सुखनंदन के परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही कोटेदार की मौत हो गई।
एसएचओ ने बताया कि मृतक के बेटे गोरेलाल की तहरीर के आधार पर जीवनलाल राजपूत, अमित, अनूप और चंद्रशेखर राजपूत नामक अभियुक्तों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्जकर बुधवार को जीवनलाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
भाषा सं. सलीम नोमान
नोमान