बांदा (उप्र), 14 अगस्त (भाषा) बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के अछरील गांव में घर के बाहर से लापता तीन साल की बच्ची का शव शुक्रवार सुबह गोबर और पानी से भरे गड्ढे से पुलिस ने बरामद किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
क्षेत्राधिकारी (बबेरू) कृष्णकांत त्रिपाठी ने शुक्रवार शाम को बताया कि बृहस्पतिवार आधी रात कमासिन थाना पुलिस से सूचना प्राप्त हुई कि अछरील निवासी विकास सिंह की तीन साल की बच्ची शाम को खेलते समय अचानक लापता हो गई।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश की ही जा रही थी कि शुक्रवार सुबह ग्रामीणों व परिजनों से सूचना मिली कि गांव में ही गोबर भरे गड्ढे के पानी में बच्ची का शव है। सीओ ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पता चलेगा कि यह हादसा है या किसी ने हत्या कर शव फेंका है। घटना की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द शोभना
शोभना