मांस की सभी दुकानें वाराणसी शहर के बाहर स्थानांतरित करने का निर्णय

Ads

मांस की सभी दुकानें वाराणसी शहर के बाहर स्थानांतरित करने का निर्णय

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 02:19 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 02:19 PM IST

वाराणसी (उप्र), सात जून (भाषा) वाराणसी नगर निगम ने शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ रखने की दिशा में कदम उठाते हुए अब मांस और मछली की सभी दुकानें शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने का फैसला किया है।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में शनिवार को मैदागिन स्थित टाउन हॉल भवन में आयोजित सदन की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।

श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में शहर के विकास पर विस्तृत चर्चा हुई जिसमें मांस के बाजारों को शहर के बाहरी छोर पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सदन को बताया कि इस योजना के प्रथम चरण में पांच स्थानों का चयन किया जा चुका है और यह सभी स्थान शहर की बाहरी सीमाओं के करीब स्थित है जिससे आम जनता को कोई असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत आगामी दिनों में शहर के भीतर संचालित मांस की दुकानों को रामनगर, शुजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जाएगा।

भाषा सं. सलीम नेत्रपाल अमित

अमित