वाराणसी में बकरीद से पहले बेनियाबाग की पुरानी बकरा मंडी बंद, व्यापारियों में नाराजगी

Ads

वाराणसी में बकरीद से पहले बेनियाबाग की पुरानी बकरा मंडी बंद, व्यापारियों में नाराजगी

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 10:47 AM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 10:47 AM IST

वाराणसी (उप्र), 28 मई (भाषा) बकरीद से ठीक पहले वाराणसी के बेनियाबाग स्थित करीब चार दशक पुरानी बकरा मंडी को बंद कर दिया गया है। नगर निगम के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नगर निगम ने भीड़भाड़ और अस्वच्छता की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की है। वहीं बकरा व्यापारियों ने त्योहार के समय बिना पूर्व सूचना के मंडी बंद करने पर नाराजगी जताई है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि अस्वच्छता से जुड़ी शिकायतें मिलने के बाद अधिकारियों ने बेनियाबाग बाजार का निरीक्षण किया जिसके बाद बाजार की अनुमति रद्द कर दी गई।

अधिकारियों के अनुसार, व्यापारियों को तीन दिन के भीतर मंडी खाली करने का निर्देश दिया गया था। निर्देश के बाद भी मंडी खाली न करने पर पुलिस की मदद से मंडी को खाली कराया गया।

नगर निगम की कार्रवाई से बकरा व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों का कहना है कि बेनियाबाग की बकरा मंडी लगभग चार दशकों से पूरे उत्तर प्रदेश में प्रसिद्ध है। यह बाजार आमतौर पर त्योहार से करीब एक सप्ताह पहले खुलता है। यहां गाजीपुर, मऊ, जौनपुर, गोरखपुर समेत पूर्वांचल के जिलों से व्यापारी बकरे बेचने आते हैं।

व्यापारियों ने कहा कि त्योहार के ठीक पहले मंडी बंद करना गलत है। अचानक हुई इस कार्रवाई से वे अपने बकरों को कहां बेचेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के यह कार्रवाई की गई है।

भाषा सं आनन्द मनीषा

मनीषा