दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे से शिक्षा-रोजगार व कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद : स्थानीय लोग

Ads

दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे से शिक्षा-रोजगार व कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद : स्थानीय लोग

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 06:27 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 06:27 PM IST

मेरठ (उप्र) 22 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दिल्ली–मेरठ नमो भारत (आरआरटीएस) के संपूर्ण गालियारे और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस परियोजना के पूरा होने से शिक्षा-रोजगार व कारोबार को नई गति मिलेगी।

एनसीआरटीसी के प्रवक्ता पुनीत वत्स ने कहा कि परियोजना के पूर्ण संचालन से सार्वजनिक परिवहन की हिस्सेदारी बढ़ेगी और निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी, जिससे प्रदूषण और भीड़भाड़ में कमी आएगी।

अधिकारियों के अनुसार यह पूरी तरह बिजली पर चलने वाली प्रणाली है, जिससे पीएम 2.5 और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे प्रदूषकों में कमी आने की संभावना है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ ने कहा कि सराय काले खां से मोदीपुरम तक सीधा संपर्क होने से मेरठ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की मुख्यधारा से प्रभावी रूप से जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि गलियारे के आसपास 150 से अधिक विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान हैं, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मेरठ विश्वविद्यालय के छात्र प्रशांत चौधरी ने कहा कि अब दिल्ली पहुंचने में लगभग एक घंटा लगेगा, जिससे पढ़ाई और रोजगार के अवसरों को संतुलित करना आसान होगा।

छात्रा शिवानी ने सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा को छात्राओं के लिए राहतकारी बताया।

सिविल सेवा की तैयारी कर रहे अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली में बेहतर कोचिंग सुविधाएं होने की वजह से मेरठ के छात्रों को कठिनाई होती थी। अब नमो ट्रेन से रोजाना आना-जाना संभव होगा और हम अपने सपनों को नई उड़ान दे सकेंगे।

छात्र राहुल ने कहा कि इससे संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), लोकसेवा आयोग (पीसीएस) समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।

व्यापार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र चौहान ने कहा कि क्षेत्र में व्यापार और रियल एस्टेट गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

दिल्ली–मेरठ नमो भारत गलियारे के पूरे होने से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों में उत्साह है।

शास्त्रीनगर निवासी आईटी कर्मचारी कुमार गौरव ने कहा कि पहले दिल्ली पहुंचने में ढाई से तीन घंटे लग जाते थे, जबकि अब करीब एक घंटे में दिल्ली पहुंच सकेंगे।

कंकरखेड़ा निवासी बैंक कर्मचारी आरती ने इसे महिलाओं के लिए सुरक्षित और समयबद्ध विकल्प बताया। मोदीपुरम निवासी इस्लामुद्दीन ने कहा कि सीधे संपर्क से मासिक खर्च में भी कमी आएगी।

भाषा सं आनन्द धीरज

धीरज