समाज और देश के कल्याण तक ही सीमित हो प्रौद्योगिकी पर निर्भरता : आदित्यनाथ

समाज और देश के कल्याण तक ही सीमित हो प्रौद्योगिकी पर निर्भरता : आदित्यनाथ

समाज और देश के कल्याण तक ही सीमित हो प्रौद्योगिकी पर निर्भरता : आदित्यनाथ
Modified Date: September 28, 2026 / 08:08 pm IST
Published Date: September 28, 2026 8:08 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 28 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रौद्योगिकी पर निर्भरता उतनी ही होनी चाहिए जिससे व्यक्ति, समाज और देश का कल्याण हो जाए।

आदित्यनाथ ने गोरखपुर में हिंदी दैनिक ‘अमर उजाला’ द्वारा आयोजित ‘बाल मेला सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए कहा, ”प्रौद्योगिकी हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण हो गई है। हर तरह की प्रौद्योगिकी का अपना महत्व है। लेकिन, यह याद रखना चाहिए कि इंसानी कोशिश और भी ज्यादा जरूरी है। प्रौद्योगिकी पर हमारी निर्भरता उतनी ही होनी चाहिए जिससे व्यक्ति, समाज और देश का भला हो जाए।”

आदित्यनाथ ने कहा कि प्रौद्योगिकी पर पूरी तरह निर्भर होना अच्छी बात नहीं है।

उन्होंने कहा, ”मैं अक्सर बच्चों से कहता हूं कि वे परीक्षा में अच्छे अंक पाने के पीछे तभी तक भागें जब तक उन्हें उससे मानसिक संतुष्टि मिले। माता-पिता अक्सर ऐसी मांग करते हैं जिनसे बच्चा खेलना, सोना और खाना-पीना भी छोड़ देता है… यह अच्छी स्थिति नहीं है।”

मुख्यमंत्री ने बच्चों को खूब खेलने और अच्छी किताबें पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि वे समय से अपना पाठ्यक्रम पूरा करें और नयी तथा अनोखी चीजों पर ध्यान दें।

उन्होंने बच्चों से गोरखपुर में अलग-अलग जगहों को देखने और जानने की सलाह देते हुए कहा कि वे गोरखनाथ मंदिर, गीता प्रेस, रेलवे स्टेशन और रामगढ़ ताल समेत शहर की पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाली जगहों पर जाएं और उनके बारे में जानें।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ”आजकल कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बहुत चर्चा हो रही है। ऐसा लगता है कि एआई को अपनाने की होड़ मची है। यह अच्छी बात है। एआई आपको जवाब दे सकता है और आपके काम आसान बना सकता है। लेकिन याद रखें, सिर्फ एक अच्छी किताब ही आपको सवाल पूछना सिखा सकती है।”

भाषा सलीम रवि कांत जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में