आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में लगी आग, चालक की जलकर मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में लगी आग, चालक की जलकर मौत
फिरोजाबाद, 22 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के कानपुर से गुरुग्राम जा रही डबल डेकर स्लीपर बस आगे चल रहे बालू से भरे डंपर से टकरा गई, जिसके बाद बस में आग लग गई। हादसे में बस चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा थाना मत्सेना क्षेत्र में हुआ। बताया जाता है कि डंपर पहले डिवाइडर से टकराकर पलट गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही डबल डेकर स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलटे हुए डंपर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। बस में सवार यात्रियों ने शीशे तोड़े और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
हादसे में कानपुर निवासी 48 वर्षीय बस चालक शंभू की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, बस का कंडक्टर समेत करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। इनमें सात यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें फिरोजाबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को सैफई भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) रविशंकर प्रसाद और नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे ने बताया कि बस में करीब 45 यात्री सवार थे और यह कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी।
दमकल विभाग ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद कुछ समय तक प्रभावित रहा एक्सप्रेसवे का यातायात बाद में सामान्य हो गया।
भाषा सं जफर शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


