मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की रकम हड़पने लिए हेराफेरी करने के आरोप में तीन लोगों पर मुकदमा
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की रकम हड़पने लिए हेराफेरी करने के आरोप में तीन लोगों पर मुकदमा
कौशांबी (उप्र), 13 जुलाई (भाषा) कौशांबी जिले में ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के तहत सरकारी सहायता हासिल करने के लिए कथित तौर पर दूल्हे की जगह 16 वर्षीय नाबालिग को बैठाने के मामले में पुलिस ने मां-बेटी समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार को सिराथू तहसील के संयारा स्थित बाबू सिंह डिग्री कॉलेज में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के समारोह के दौरान हुई।
उसने बताया कि सैनी थाना क्षेत्र के सैनी गांव की निवासी नगमा बानो की शादी रायबरेली निवासी वैश के साथ 17 मार्च 2027 को होना तय हुई थी। इस बीच नगमा ने अपने और होने वाले दूल्हे वैश के दस्तावेजों के आधार पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पंजीकरण करा लिया।
हालांकि, वैश ने समारोह में शामिल होने से इनकार करते हुए कहा कि वह तय तारीख पर बारात लेकर आएगा।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद नगमा की मां कुरेशा बानो ने सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए साजिश रची और गांव के ही हिंदू समुदाय के 16 वर्षीय एक किशोर को दूल्हे के तौर पर शामिल होने के लिए राजी कर लिया तथा उसे सहायता राशि की आधी रकम देने का लालच दिया।
किशोर के भाई ने पुलिस को बताया कि रविवार को उसे सूचना मिली कि उसका भाई संयारा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में मौजूद है। वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा और उसे वहां से लेकर आया।
पुलिस ने कहा, ‘‘किशोर ने कबूल किया कि कुरेशा बानो और उसकी बेटी नगमा बानो उसे विवाह समारोह के बाद मिलने वाली राशि और सामान का आधा हिस्सा बांटने झांसा देकर अपने साथ ले गई थीं।’’
पुलिस के अनुसार, समारोह स्थल पर मौजूद अमरजीत मौर्य ने किशोर से कहा कि उसे कुछ देर के लिए नगमा के साथ खड़ा होकर अपना नाम ‘वैश’ बताना होगा।
पुलिस ने बताया कि चूंकि वास्तविक दूल्हा वैश समारोह में नहीं पहुंचा था, इसलिए आरोपियों ने नाबालिग किशोर को उसकी जगह खड़ा कर सरकारी सहायता राशि और अन्य लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया।
उसने कहा, ‘‘किशोर को वैश के नाम का आधार कार्ड भी दिया गया था, लेकिन सत्यापन के दौरान फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होने पर कथित धोखाधड़ी का खुलासा हो गया।’’
सिराथू के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि नाबालिग के भाई की तहरीर पर नगमा बानो, उसकी मां कुरेशा बानो और अमरजीत मौर्य के खिलाफ रविवार देर रात संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी

Facebook


