मथुरा में पत्नी की हत्या कर शराबी पति फरार
मथुरा में पत्नी की हत्या कर शराबी पति फरार
मथुरा, 26 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में पत्नी से झगड़े के बाद शराबी पति ने कथित तौर पर छुरे से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
मांट के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह मकरंदगढ़ी गांव में महिला की हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि 33 वर्षीय भावना की उसके पति उमेश ने रात में कथित तौर पर हत्या कर दी थी।
सिंह के मुताबिक, उमेश नशे का आदी था और आए दिन पत्नी से झगड़ा कर मारपीट करता था। उन्होंने बताया कि सोमवार रात जब परिवार के सदस्य खाना खाकर छत पर सोने चले गए, तब उमेश पत्नी से झगड़ने लगा।
सिंह के अनुसार, रोज का झगड़ा मानकर किसी ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन सुबह जब परिजन नीचे पहुंचे, तो भावना का क्षत-विक्षत शव चारपाई पर मिला। उन्होंने बताया कि भावना के सिर और गले पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।
सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि भावना के पिता की तहरीर पर उमेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
भाषा
सं आनन्द पारुल
पारुल

Facebook


