उप्र में कड़ी सुरक्षा के बीच बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न, ड्रोन से हुई निगरानी
उप्र में कड़ी सुरक्षा के बीच बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न, ड्रोन से हुई निगरानी
लखनऊ, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अज़हा (बकरीद) की नमाज़ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक अदा की गई। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे थे। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की गई और चप्पे चप्पे पर चुस्त दुरुस्त व्यवस्था की गई।
संभल में शाही जामा मस्जिद, हयातनगर के कमालपुर सराय स्थित मुख्य ईदगाह और अन्य मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज शांतिपूर्ण रही।
जिलाधिकारी (डीएम) अंकित खंडेलवाल ने बताया कि जिले की सभी 828 मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस बल, सफाई और पानी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई थी।
संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि जिले को पांच जोन और 16 सेक्टरों में बांटा गया था। सभी प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।
उन्होंने कहा कि अवैध कुर्बानी के खिलाफ सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
संभल की ईदगाह के इमाम जहीरुल इस्लाम ने कहा कि ईद उल अजहा की नमाज सुकून व शांति के साथ संपन्न हुई।
अमेठी जिले की 154 ईदगाहों में कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज अदा की गई। पुलिस ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस अधीक्षक सरवनन टी ने बताया कि सुरक्षा के लिए जिले को चार जोन और 17 सेक्टरों में बांटा गया था।
जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी जायस ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नमाज के दौरान मौजूद रहे।इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
आजमगढ़ जिले में 328 ईदगाहों और 376 मस्जिदों समेत कुल 704 स्थानों पर नमाज अदा की गई। जिलाधिकारी (डीएम) रविंद्र कुमार द्वितीय ने बताया कि सरकारी निर्देशों के अनुसार त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने कहा कि जिले में कहीं से भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
भाषा सं आनन्द
मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


