बलिया में कटान पीड़ितों ने किया परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का विरोध, घेराव का वीडियो सामने आया
बलिया में कटान पीड़ितों ने किया परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का विरोध, घेराव का वीडियो सामने आया
बलिया (उप्र), 27 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह का कटान पीड़ित ग्रामीणों द्वारा घेराव किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को तेजी से प्रसारित हो रहा है।
इस बीच, सिंह ने कहा कि रविवार शाम वह ग्रामीणों के धरना स्थल पहुंचे और ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। उन्होंने कहा कि लौटते समय एक विशेष जाति के कुछ लोगों ने राजनीतिक रंजिश के चलते विरोध का प्रयास किया।
इसके पहले सिंह ने फेसबुक पर लिखा कि बलिया नगर विधानसभा के शिवपुर दियर नंबरी में कटान की समस्या और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क पुनर्निर्माण की मांग को लेकर अनशन पर बैठे लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद अनशन तुड़वाया।
मंत्री ने कहा कि कटान की स्थायी समस्या के समाधान और क्षतिग्रस्त सड़क के शीघ्र पुनर्निर्माण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे क्योंकि जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम के बाद मंत्री के काफिले को रोककर ग्रामीणों और महिलाओं द्वारा विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी का वीडियो सोमवार को सामने आया। वीडियो में लोग लिखित आश्वासन की मांग करते दिख रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभालकर काफिले को वहां से निकाला।
दरअसल बलिया सदर तहसील के दक्षिणी छोर पर गंगा नदी के पार शिवपुर दियर नंबरी बयासी गांव लंबे समय से कटान झेल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा की धारा लगातार गांव की जमीन काट रही है, जिससे करीब 40 हजार की आबादी वाले इस इलाके के अस्तित्व पर संकट है।
मंत्री सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ग्रामीण पंचदेव मंदिर और मठिया के पास पिछले छह दिनों से धरना दे रहे थे जिसके सिलसिले में वह रविवार शाम धरना स्थल पहुंचे और ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
उन्होंने कहा कि लौटते समय एक विशेष जाति के कुछ लोगों ने राजनीतिक रंजिश के चलते विरोध का प्रयास किया।
बलिया शहर कोतवाली के प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


