उप्र: पति की मौत के बाद पत्नी ने की खुदकुशी की कोशिश, एक युवती का शव पेड़ से लटका मिला

उप्र: पति की मौत के बाद पत्नी ने की खुदकुशी की कोशिश, एक युवती का शव पेड़ से लटका मिला

उप्र: पति की मौत के बाद पत्नी ने की खुदकुशी की कोशिश, एक युवती का शव पेड़ से लटका मिला
Modified Date: July 27, 2026 / 06:32 pm IST
Published Date: July 27, 2026 6:32 pm IST

इटावा, 27 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को कथित तौर पर आत्महत्या की दो घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में शादी के महज 20 दिन बाद एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली और पति की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी ने भी खुदकुशी का प्रयास किया।

पुलिस ने बताया कि वहीं भरेह थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय एक युवती का शव एक पेड़ से लटका मिला।

फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि जुगराजमऊ गांव निवासी अंकित कुशवाहा (25) ने सोमवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे गांव के बाहर खेत में एक पेड़ पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा।

उन्होंने बताया कि अंकित की शादी 20 दिन पहले मधु नाम की युवती से हुई थी और रविवार को दोनों बाजार खरीदारी करने गए थे, जहां एक अज्ञात व्यक्ति मधु का पर्स छीनकर भागने लगा।

अधिकारी ने बताया कि जब मधु उसका पीछा करने लगी, तो इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई।

थाना प्रभारी के मुताबिक, सोमवार सुबह इसी मुद्दे पर घर में दोबारा विवाद हुआ, जिसके बाद नाराज होकर अंकित खेत की तरफ चला गया और उसने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि पति के आत्महत्या करने की खबर मिलते ही मधु ने पहले अत्यधिक मात्रा में नींद की गोलियां खाईं और फिर फंदे से लटकने की कोशिश की हालांकि परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने अंकित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, दूसरी घटना भरेह थाना क्षेत्र के हरौली बहादुरपुर गांव की है।

थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि सुरेश राठौर की 21 वर्षीय बेटी शिवानी का शव सोमवार सुबह गांव के बाहर एक पेड़ से लटका मिला।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवानी रविवार शाम को घर से निकली थी और रातभर वापस नहीं आई।

पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका देखकर सूचना दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में