जिस तरह सपा सरकार ने अनिल अंबानी के लिए गोलियां चलवाई, उसे किसान कभी भूल नहीं सकता: शाही

जिस तरह सपा सरकार ने अनिल अंबानी के लिए गोलियां चलवाई, उसे किसान कभी भूल नहीं सकता: शाही

जिस तरह सपा सरकार ने अनिल अंबानी के लिए गोलियां चलवाई, उसे किसान कभी भूल नहीं सकता: शाही
Modified Date: February 12, 2026 / 02:52 pm IST
Published Date: February 12, 2026 2:52 pm IST

लखनऊ, 12 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिस तरह आपने (सपा सरकार ने) अनिल अंबानी के लिए नोएडा और गाजियाबाद में गोलियां चलवाई, राज्य का किसान कभी उसे भूल नहीं सकता।

विधानसभा में बजट सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल में सपा सदस्य अनिल प्रधान के किसानों के जमीन अधिग्रहण संबंधी पूरक प्रश्‍नों के उत्‍तर में सूर्य प्रताप शाही ने यह जवाब दिया।

उन्होंने सदस्य को लक्ष्य करते हुए कहा,‘‘ कहां की बात और कहां पूछ रहे हैं, चकबंदी विभाग की बात आप कृषि विभाग से पूछ रहे हैं। एक तरफ़ आप कहते हैं कि चित्रकूट से इलाहाबाद तक सड़क बनाइए, तो आप सोचते हैं कि आसमान में वह बन जाएगी।’’

शाही ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार किसानों से बातचीत कर बाजार दर के हिसाब से उनको मुआवजा दे रही है।

उन्होंने तंज कसा, ‘‘आपकी (सपा की सरकार) सरकार नहीं है कि जिस तरह आपने अनिल अंबानी के लिए नोएडा और गाजियाबाद गोलियां चलवाई, उसे कभी उत्तर प्रदेश का किसान भूल नहीं सकता।’’

शाही ने कहा कि संजय डालमिया के लिए दुर्ग सीमेंट पर आपने जो गोलियां चलवाई, तब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, धरती पुत्र की सरकार थी।

उन्होंने कहा कि योगी जी की सरकार में कभी इस तरह कोई घटना नहीं हुई है।

इसके पहले अनिल प्रधान ने मंत्री से लिखित प्रश्न किया था कि क्या कृषि मंत्री बताने की कृपा करेंगे कि राज्य में किसानों के कृषि उपकरणों, खाद एवं डीजल के दामों में वृद्धि के कारण कृषि लागत मूल्य अधिक हो रहा है।

सूर्य प्रताप शाही ने इससे इनकार करते हुए कहा कि कृषि उपकरणों एवं खाद पर अनुदान अनुमन्य है तथा उत्तर प्रदेश में अधिकांश राज्यों की तुलना में डीजल का प्रति लीटर मूल्य कम है।

उन्होंने कहा कि कृषकों को कृषि यंत्र अनुदान पर उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा ‘सब मिशन आन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन’ एवं ‘प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेसिड्यू’ योजनाएं संचालित है।

भाषा आनन्द अमित राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में