मेरठ में एक मकान में आग लगने के बाद दम घुटने से पिता-पुत्री की मौत

Ads

मेरठ में एक मकान में आग लगने के बाद दम घुटने से पिता-पुत्री की मौत

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 10:22 AM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 10:22 AM IST

मेरठ, चार मई (भाषा) मेरठ में एक मकान में आग लगने के बाद दम घुटने से एक बच्ची और उसके पिता की मौत हो गई, जबकि कई अन्यों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आग लगने की यह घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब दो बजे पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के कृष्णानगर डोरली इलाके की है।

उसने बताया कि सूचना मिलते ही पल्लवपुरम थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि आग लगने के समय मकान में करीब 12 लोग मौजूद थे और सभी को बाहर निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान आठ वर्षीय शिवानी उर्फ लाली और उसके पिता सागर (35) की मृत्यु हो गई। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की मौत दम घुटने के कारण हुई।

पुलिस ने बताया कि अन्य घायलों का उपचार जारी है और सभी की हालत स्थिर तथा खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा सं जफर

वैभव खारी

खारी