देवरिया (उप्र), 20 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरीबाजार क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में पिता और पुत्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गौरीबाजार थाना क्षेत्र के उद्योग नगर निवासी 55 वर्षीय श्रवण जायसवाल अपने 24 वर्षीय पुत्र राकेश जायसवाल के साथ शुक्रवार रात मोटरसाइकिल से बाजार गए थे।
उन्होंने बताया कि परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार में कुछ समय से तनाव का माहौल था और बाजार जाते समय किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर राकेश मोटरसाइकिल लेकर गोरखपुर-छपरा रेलखंड स्थित पश्चिमी रेलवे ढाला की ओर चला गया, जहां दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी होने लगी।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान गोरखपुर की ओर से एक ट्रेन आती दिखाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि राकेश अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और बेटे को खतरे में देखकर श्रवण जायसवाल उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए और इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गौरीबाजार थाना पुलिस और रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास से पिता और पुत्र के शव बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर
रंजन
रंजन