बलिया में बाढ़ प्रभावितों के राशन किट दूसरे क्षेत्र में रखने के आरोप में लेखपाल के खिलाफ प्राथमिकी

बलिया में बाढ़ प्रभावितों के राशन किट दूसरे क्षेत्र में रखने के आरोप में लेखपाल के खिलाफ प्राथमिकी

बलिया में बाढ़ प्रभावितों के राशन किट दूसरे क्षेत्र में रखने के आरोप में लेखपाल के खिलाफ प्राथमिकी
Modified Date: September 19, 2026 / 06:45 pm IST
Published Date: September 19, 2026 6:45 pm IST

बलिया (उप्र), 19 सितम्बर (भाषा) बलिया में बाढ़ प्रभावित लोगों में वितरित किए जाने वाले राशन किट दूसरे तहसील क्षेत्र में एक व्यक्ति के आवास में रखे जाने के आरोप में एक लेखपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) प्रवीन कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में पुलिस एक मामला दर्ज करके छानबीन कर रही है।

पुलिस के अनुसार बलिया शहर कोतवाली में शुक्रवार को तहसीलदार सदर कार्यालय के आपदा प्रभारी राम प्यारे मौर्या की तहरीर पर बांसडीह के बजरहा क्षेत्र के लेखपाल शिव वर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धारा 316(5) में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि आरोप है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित लोगों के वितरण के लिए आया 66 राशन किट बड़ागांव गांव के एक मकान के कमरे में गत 17 सितम्बर को मिला। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार सदर ने छापेमारी करके राशन किट बरामद किया।

पुलिस के अनुसार लेखपाल शिव वर्मा को जो राशन किट मिला था, उसका तत्काल बाढ़ प्रभावित लोगों में वितरण करना चाहिए था। पुलिस के अनुसार यदि किसी कारण से वितरण संभव नहीं था तो राशन डीलर अथवा पंचायत भवन में सुरक्षित रखा जाना चाहिए था लेकिन लेखपाल वर्मा ने अपने तहसील और क्षेत्र से बाहर एक निजी व्यक्ति के मकान में राशन किट रखा।

पुलिस ने बताया कि लेखपाल वर्मा इस मामले में अधिकारियों द्वारा पूछताछ करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने कहा कि इससे स्पष्ट है कि वर्मा द्वारा जानबूझकर राशन किट अपने क्षेत्र से बाहर ले जाया गया।

भाषा सं आनन्द अमित

अमित


लेखक के बारे में