सहारनपुर में महिला जूनियर इंजीनियर से दुर्व्यवहार के मामले में प्राथमिकी दर्ज
सहारनपुर में महिला जूनियर इंजीनियर से दुर्व्यवहार के मामले में प्राथमिकी दर्ज
सहारनपुर (उप्र), 19 सितंबर (भाषा) सहारनपुर जिले के जनकपुरी थाना क्षेत्र में एक महिला जूनियर इंजीनियर (जेई) से अभद्रता करने, जबरन शराब पिलाने का प्रयास करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनकपुरी थाने के प्रभारी प्रदीप कुमार चीमा ने बताया कि महिला जेई ने तहरीर देकर लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड), सहारनपुर में तैनात जेई अनुज भारद्वाज (52) पर नशे की हालत में बदसलूकी, जबरन शराब पिलाने की कोशिश, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में कहा कि 15 सितंबर को देहरादून चौक स्थित संघ भवन में डिप्लोमा इंजीनियर संघ की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था और विभागीय कार्यक्रम होने के कारण वह भी इसमें शामिल हुई थी।
पीड़िता ने शिकायत में कहा कि कार्यक्रम के दौरान नशे की हालत में भारद्वाज ने पानी की बोतल में शराब मिलाकर उसके मुंह से लगा दी और जबरदस्ती शराब पिलाने का प्रयास किया।
महिला जूनियर इंजीनियर ने आरोप लगाया कि आरोपी के इस कृत्य से वह बुरी तरह घबरा गई।
पीड़िता ने बताया कि भारद्वाज पहले भी उसके साथ अभद्रता, गाली-गलौज कर चुका है।
थाना प्रभारी चीमा ने बताया कि महिला जेई की तहरीर के आधार पर 18 सितंबर को मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों तथा तथ्यों के आधार पर विस्तृत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर अमित जोहेब
जोहेब

Facebook


