लखनऊ के चौक इलाके में किराने की दुकान में आग, कोई हताहत नहीं

लखनऊ के चौक इलाके में किराने की दुकान में आग, कोई हताहत नहीं

लखनऊ के चौक इलाके में किराने की दुकान में आग, कोई हताहत नहीं
Modified Date: September 14, 2026 / 08:42 am IST
Published Date: September 14, 2026 8:42 am IST

लखनऊ, 14 सितंबर (भाषा) लखनऊ के चौक इलाके में स्थित ‘बान वाली गली’ में किराने की एक दुकान में रविवार देर रात भीषण आग लग गई।

हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने एक बयान में बताया कि रविवार को रात 11 बजकर 38 मिनट पर अग्निशमन केंद्र को चौक की ‘बान वाली गली’ में किराने की दुकान में आग लगने की सूचना मिली।

उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि दुकान के अंदर आग लगी है, लेकिन वहां कोई व्यक्ति नहीं फंसा है।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही दो दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया, लेकिन रास्ता बहुत संकरा होने और गली में धुआं भरा होने के कारण दमकल वाहनों को बाहर खड़ा करना पड़ा और आग बुझाने के लिए ‘होज पाइप’ (आग बुझाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पानी की लचीली पाइप) बिछाए गए।

उन्होंने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि एक अन्य दमकल वाहन भी बुलाना पड़ा और लगभग एक घंटे के भीतर आग पर काबू पाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आग ‘बान वाली गली’ में आकाश अग्रवाल नामक व्यक्ति की किराने की दुकान के भूतल पर लगी थी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

भाषा सं सलीम सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में