बलिया में स्कूल गिराने पर अखिलेश का तंज, अधिकारियों ने कार्रवाई का किया बचाव
बलिया में स्कूल गिराने पर अखिलेश का तंज, अधिकारियों ने कार्रवाई का किया बचाव
बलिया (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बलिया जिले में एक प्राथमिक स्कूल की इमारत को बुलडोजर से गिराए जाने का वीडियो पोस्ट करते हुए भाजपा नीत सरकार पर तंज कसने के बाद रविवार को बेसिक शिक्षा विभाग ने इस कार्रवाई का बचाव किया।
यादव ने ‘एक्स’ पर वीडियो साझा किया, जिसमें बलिया जिले के पंदह शिक्षा खंड के डंकीनगंज में प्राथमिक स्कूल के भवन को गिराने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल होते हुए दिखाया गया है। वीडियो पर टिप्पणी करते हुए यादव ने लिखा, ‘उप्र के स्कूलों पर बुलडोज़र का हमला, इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का जाना तय है।’
उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री यादव के इस पोस्ट के बाद, बलिया के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने स्कूल भवन गिराने के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि इमारत के जर्जर होने के कारण इसे ध्वस्त किया जा रहा है।
सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘स्कूल का यह भवन वर्ष 1990 में निर्मित हुआ था। भवन में सिर्फ दो कमरे थे और इसके निर्माण के छत्तीस साल हो गए थे।’’
उन्होंने कहा, ”भवन और कमरे अत्यंत जर्जर हो गए थे, जिसके कारण समस्त विभागीय औपचारिकता पूरी करके इस भवन को ध्वस्त किया जा रहा है। भवन ध्वस्त होने के बाद उसी स्थान पर विद्यालय का नया भवन निर्मित होगा।”
शिक्षा विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से सुरक्षा कारणों से की जा रही है और यह पुरानी एवं जर्जर इमारत की जगह नयी इमारत बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा है।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष

Facebook


