फिरोजाबाद में युवक-युवती ने कमरा बंद कर लगाई आग, युवती की मौत
फिरोजाबाद में युवक-युवती ने कमरा बंद कर लगाई आग, युवती की मौत
फिरोजाबाद (उप्र), छह जून (भाषा) फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में एक युवक-युवती ने खुद को आग लगा ली, जिसमें युवती की मौत हो गयी जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
शिकोहाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी अमरीश कुमार ने बताया कि मैनपुरी निवासी अवनीश कुमार शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस को सूचना दी कि थाना शिकोहाबाद के क्षेत्र मोहम्मदपुर अहीर निवासी अरुण कुमार (21) उनकी भांजी खुशी (19) को बहला-फुसला कर ले गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। हालांकि, शुक्रवार देर रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि पड़ाव गढ़िया में एक मकान में शोर की आवाज आ रही है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा तो युवक युवती जली अवस्था में जमीन पर पड़े थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां से दोनों को आगरा रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज में शनिवार सुबह उपचार के दौरान खुशी ने दम तोड़ दिया जबकि अरुण उपचाराधीन है।
पुलिस ने बताया कि अरुण का बयान दर्ज किया गया है और युवती का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध का प्रतीत होता है।
पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा सं जफर रवि कांत शफीक
शफीक

Facebook


