फिरोजाबाद, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया (बीओआई) की एक शाखा के लॉकर में रखे सोने के आभूषणों की हेराफेरी करने के तीन आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अरांव थाना क्षेत्र के भारौल में बीओआई शाखा से ग्राहकों के बैंक लॉकर से सोने के आभूषणों के लगभग 96 पैकेट गायब होने के मामले में बुधवार को बैंक के आंचलिक प्रबंधक आदित्य कुमार की शिकायत पर तीन बैंक कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, अरांव पुलिस ने हेराफेरी के आरोपी तीन बैंक कर्मियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने की एक करधनी और एक जोड़ी दस्ती बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने बताया कि अरांव पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर बृहस्पतिवार को वांछित आरोपियों-दिलीप कुमार, नरेश कुमार और संदीप यादव को घिरोर वाईपास तिहारा कस्बा से गिरफ्तार कर लिया।
भाषा
सं राजेंद्र पारुल
पारुल