उताह में जंगल की आग बुझाने के काम में लगा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, ओरेगन में बुलडोजर ऑपरेटर की मौत

Ads

उताह में जंगल की आग बुझाने के काम में लगा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, ओरेगन में बुलडोजर ऑपरेटर की मौत

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 08:57 AM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 08:57 AM IST

रिचफील्ड (अमेरिका), आठ अगस्त (एपी) अमेरिका के उताह राज्य में जंगल की भीषण आग पर काबू पाने के अभियान में जुटा हेलीकॉप्टर शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हेलीकॉप्टर में दो लोग सवार थे।

वहीं, ओरेगन में जंगल की बेकाबू आग से निपटने के दौरान एक बुलडोजर ऑपरेटर की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि उताह में दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में सवार दो लोगों की स्थिति के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है, क्योंकि अधिकारी अभी तक दुर्घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाए हैं।

उन्होंने बताया कि ओरेगन में आग बुझाने के अभियान के दौरान बुलडोजर चला रहे 47 वर्षीय जेसन एनसाइन की बृहस्पतिवार को मौत हो गई।

स्थानीय शेरिफ विभाग ने बताया कि राइट्स स्प्रिंग क्षेत्र में लगी आग ने अचानक और तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे एनसाइन के बच निकलने का रास्ता बंद हो गया।

यह आग बुधवार को दक्षिण-मध्य ओरेगन में चिलोक्विन शहर के पूर्व में लगी थी। अमेरिकी वन सेवा के अनुसार, शुक्रवार तक यह आग करीब 14 वर्ग मील (36 वर्ग किलोमीटर) क्षेत्र में फैल चुकी थी और इस पर अभी तक पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक गर्म और शुष्क मौसम के कारण आग लगने की घटना हुई।

उताह के मध्य क्षेत्र में लगी आग पर काबू पाने के अभियान में सात हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही थी, जिनमें से एक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह आग 27 जुलाई को बिजली गिरने के कारण लगी थी। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने बताया कि हेलीकॉप्टर साल्ट लेक सिटी से करीब 258 किलोमीटर दक्षिण में स्थित रिचफील्ड के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

यह ‘सिकोरस्की एस-64’ हेलीकॉप्टर था और यह पहाड़ी एवं दुर्गम इलाके में आग बुझाने के काम में लगा था। दुर्घटना के बाद वहां एक और आग भड़क गई।

अधिकारियों ने बताया कि आग की लपटों के कारण बचाव दल शुक्रवार शाम तक दुर्घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि अगले 24 घंटे में वहां पहुंचा जा सकेगा।

सेवियर काउंटी के शेरिफ नाथन कर्टिस ने कहा, ‘‘हम उन्हें और बड़े खतरे में नहीं डालना चाहते थे। जैसे ही संभव होगा, हम वहां पहुंचेंगे।’’

एपी शोभना सिम्मी

सिम्मी