बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला करके मां की हत्या कर दी, गिरफ्तार

Ads

बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला करके मां की हत्या कर दी, गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 03:54 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 03:54 PM IST

बहराइच (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार सुबह 28 वर्षीय युवक ने अपनी ही 55 वर्षीय मां की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी।

थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र की इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका के पति भगवानदीन ने मीडियाकर्मियों के समक्ष बयान दिया कि उनके हत्यारोपी पुत्र को अक्सर अपनी मां से यह शिकायत रहती थी कि वह उसके लिए स्वच्छता के साथ भोजन नहीं बनाती हैं। बेटे का आरोप था कि जो भोजन उसे परोसा जाता है उसमें गंदगी रहती है।

आरोपी के पिता के अनुसार, आज सुबह पहले की तरह यही शिकायत करते हुए उसने (बेटे ने) अपनी मां की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्षिता तिवारी ने संवाददाताओं से बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को विशेश्वरगंज थानान्तर्गत ग्राम फुलेरा में एक महिला की हत्या की सूचना प्राप्त हुई।

उच्चाधिकारियों सहित पुलिस टीम, विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

तिवारी ने बताया कि मौके पर पूछताछ के दौरान पड़ोसियों और परिजनों से जानकारी मिली कि महिला के बेटे छैलू वर्मा (28 वर्ष) ने अपनी 55 वर्षीय मां पर कुल्हाड़ी से वार करके उनकी हत्या कर दी।

सीओ ने बताया कि मृतका के पति की लिखित तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छैलू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

भाषा सं जफर संतोष

संतोष