सपा विधायक महराजी प्रजापति के आवास पर हंगामा करने पर पांच व्यक्ति गिरफ्तार
सपा विधायक महराजी प्रजापति के आवास पर हंगामा करने पर पांच व्यक्ति गिरफ्तार
अमेठी (उप्र), 27 मई (भाषा) अमेठी से समाजवादी पार्टी की विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर बीती रात हुए हंगामे, गाली-गलौज और मारपीट के मामले में अमेठी पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि बीती रात विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा हंगामा, अभद्रता और मारपीट किये जाने घटना की शिकायत विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने अमेठी थाने में की थी।
उन्होंने बताया कि यह घटना आवास विकास कालोनी में विधायक के आवास पर शाम करीब साढ़े आठ बजे घटी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार इस मामले की सूचना मिलते ही अमेठी थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई और पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है एवं शेष की तलाश में पुलिस टीम लगी है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि सोशल मीडिया में कुछ टिप्पणियों को लेकर विधायक के समर्थकों, धीरज पाल और शेर बहादुर के बीच विवाद को लेकर यह घटना हुई।
शिकायत के मुताबिक, शेर बहादुर यादव और जय सिंह यादव तीन दर्जन से अधिक लोगों के साथ वाहनों से कथित तौर पर विधायक आवास पहुंचे और हंगामा खड़ा किया। आरोप है कि इन लोगों ने महाराजी प्रजापति, उनके पति गायत्री प्रजापति और अन्य परिजनों को गाली दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बलराम यादव, शेर बहादुर यादव, मनुपाल, धर्मराज यादव और विपिन यादव को गिरफ्तार किया है।
भाषा सं राजेंद्र
राजकुमार
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


