भदोही में दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारने के बाद दूध वाहन नहर में गिरा, पांच लोग घायल हुए
भदोही में दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारने के बाद दूध वाहन नहर में गिरा, पांच लोग घायल हुए
भदोही (उप्र), 26 फ़रवरी (भाषा) भदोही जिले में बृहस्पतिवार को एक दूध वाहन दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारने के बाद नहर में गिर गया, जिससे पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि भदोही-मिर्जापुर मार्ग पर औराई थानाक्षेत्र में उगापुर नहर के पास यह हादसा हुआ ।
औराई के निरीक्षक अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर को तब हुई जब चालक झावल (28) राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर तेज गति से मेरठ की ओर दूध वाहन चलाकर ले जा रहा था।
उन्होंने कहा कि झावल मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र का निवासी है।
उन्होंने बताया,‘‘उसने विपरीत दिशा से आ रही दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी और फिर अपने वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। वाहन नहर की रेलिंग को तोड़ता हुआ लगभग 20 फीट नीचे नहर में गिर गया।’’
त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि चालक कथित रूप से शराब के नशे में था।
पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान गोलू (19), कोमल (23), पारो (28), आशीष यादव (22) और वाहन चालक झावल (28) के रूप में हुई तथा उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार गोलू, कोमल और पारो को गंभीर हालत में वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि झावल और आशीष का स्थानीय सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
त्रिपाठी ने कहा कि दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है और भारी दूध वाहन को नहर से बाहर निकालने के लिए क्रेन की मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


