काकोरी में स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजाद कराने की पहल की, कांग्रेस ने तो देश को लूटा : योगी
काकोरी में स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजाद कराने की पहल की, कांग्रेस ने तो देश को लूटा : योगी
रायबरेली/लखनऊ, 24 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि काकोरी में क्रांतिकारियों ने देश को आजाद कराने के लिए पहल की थी, जबकि कांग्रेस ने देश को लूटने का काम किया।
रायबरेली में एक सभा को संबोधित करते हुए योगी ने 1925 के काकोरी ट्रेन एक्शन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश सरकार के खजाने पर कब्जा कर उस धन का इस्तेमाल देश की स्वतंत्रता के लिए किया था, लेकिन कांग्रेस ने इसे ‘काकोरी लूट’ की घटना बताया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर देश के विभाजन और स्वतंत्रता सेनानियों के अपमान का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वीर सावरकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे नेताओं को उचित सम्मान नहीं दिया।
योगी ने दावा किया कि काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारी शचींद्र नाथ बख्शी ने आजादी के बाद एक कांग्रेस नेता पर अंग्रेजों की मुखबिरी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाद में उसी व्यक्ति के नाम पर लखनऊ में सड़क का नामकरण किया।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री के पद को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारत की एक संस्था हैं।
उन्होंने नेताओं से संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाने की अपील की।
भाषा आनन्द मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


