ओमान तट के पास अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले हिमाचल के नाविक की अंत्येष्टि

ओमान तट के पास अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले हिमाचल के नाविक की अंत्येष्टि

ओमान तट के पास अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले हिमाचल के नाविक की अंत्येष्टि
Modified Date: June 18, 2026 / 08:07 pm IST
Published Date: June 18, 2026 8:07 pm IST

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 18 जून (भाषा) ओमान तट के पास अमेरिका के एक हालिया हमले में जान गंवाने वाले वाणिज्यिक जहाज के नाविक आदित्य शर्मा (23) की यहां उनके पैतृक गांव में बृहस्पतिवार को अंत्येष्टि की गई।

हमीरपुर जिले के भालू गांव में शर्मा के घर पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जुटे।

नाविक की 10 जून को ओमान की खाड़ी में पलाऊ के ध्वज वाले एमटी सेटेबेलो जहाज पर हुए अमेरिकी सेना के हमले में जान चली गई थी। पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच, अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन करने के आरोप में उनके जहाज पर यह हमला किया गया था।

जहाज पर चालक दल के 24 भारतीय सदस्य सवार थे, जिनमें से 21 को बचा लिया गया।

भारत ने इस हमले का कड़ा विरोध करते हुए कहा है कि वाणिज्यिक जहाज पर इस तरह की जानलेवा कार्रवाई उचित नहीं है।

शर्मा के शव को बुधवार को मुंबई से चंडीगढ़ लाया गया और फिर सड़क मार्ग से हमीरपुर ले जाया गया।

शर्मा के शव को घर लाये जाने पर उनकी मां सुषमा लखनपाल, पिता राजेश शर्मा और परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में थे।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे छुट्टियों पर उनके घर लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, तभी उन्हें अमेरिकी हमले में उनकी मौत की खबर मिली।

अंतिम दर्शन के लिए आदित्य शर्मा के शव को घर पर रखा गया था। सुबह से ही स्थानीय लोग उनके घर पर जुटने लगे थे। उन्होंने नाविक को नम आंखों से विदाई दी।

हमीरपुर की उपायुक्त (डीसी) गंधर्वा राठौड़ भी शव यात्रा में शामिल हुईं और इस मुश्किल घड़ी में परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

इससे पहले, बृहस्पतिवार सुबह हमीरपुर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

स्कॉटलैंड में नॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद, शर्मा की पिछले साल वाणिज्यिक जहाज पर तैनाती हुई थी। वह जहाज पर परीविक्षाधीन नाविक थे।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में