गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से स्थानीय निवासियों में उत्साह, विकास की उम्मीदें जगीं

गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से स्थानीय निवासियों में उत्साह, विकास की उम्मीदें जगीं

गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से स्थानीय निवासियों में उत्साह, विकास की उम्मीदें जगीं
Modified Date: April 29, 2026 / 02:55 pm IST
Published Date: April 29, 2026 2:55 pm IST

हरदोई (उप्र), 29 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन किए जाने के बाद स्थानीय निवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है जिनका मानना है कि इस परियोजना से यात्रा समय घट जाएगा और उत्तर प्रदेश में आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

कार्यक्रम स्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी पंकज शुक्ला ने कहा कि एक्सप्रेसवे-सह-औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में स्थापित यह परियोजना न केवल यात्रा समय घटाएगी, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास को भी नयी गति देगी।

एक अन्य निवासी संजय सिंह ने कहा कि हरदोई और मेरठ के बीच की दूरी अब कुछ ही घंटों में तय की जा सकेगी।

उन्होंने इसे आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए कहा, ‘‘हरदोई से दिल्ली तक यात्रा अब बहुत आसान और सुरक्षित हो जाएगी।’’

एक इंटर कॉलेज की प्राचार्य अनुराधा मिश्रा ने कहा कि ‘छोटी काशी‘ कहे जाने वाले हरदोई के मल्लावां से इस छह लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होना इस क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि संभवतः इस स्थान का चयन इसलिए किया गया क्योंकि यह एक्सप्रेसवे के लगभग मध्य में स्थित है।

उन्नाव के विनोद सिंह रजावत ने कहा कि इस कॉरिडोर के सभी 12 जिलों में उद्योग स्थापित होंगे, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

माधवगंज के नितिन गुप्ता ने कहा कि अब प्रयागराज संगम में स्नान के लिए यात्रा केवल कुछ घंटों में पूरी हो सकेगी।

एक अन्य निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की यात्रा अब अधिक आसान हो जाएगी और प्रस्तावित औद्योगिक कॉरिडोर निवेश को आकर्षित करेगा।

मल्लावां के संतोष कुमार शुक्ला ने कहा कि किसानों को नए बाजारों तक पहुंच मिलेगी और यात्रा समय में कमी से उन्हें लाभ होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपनी भूमि का उचित मुआवजा मिला है।

इसी क्षेत्र के निवासी सौरभ श्रीवास्तव ने विश्वास जताया कि यह एक्सप्रेसवे क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करेगा।

भाषा सं जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में