गाजियाबाद, तीन जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के डासना इलाके में प्रशासन ने कथित तौर पर सरकारी जमीन पर निर्मित अवैध मदरसे को बुधवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि अदालत के आदेश के बाद गाजियाबाद प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई से कल्लू गढ़ी गांव में लगभग एक हेक्टेयर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया।
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंदार के मुताबिक, ध्वस्तीकरण का आदेश तहसीलदार न्यायालय की ओर से जारी किया गया था।
उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “कुल भूमि लगभग पांच हेक्टेयर की है, जिसमें से लगभग एक हेक्टेयर पर मदरसा बनाया गया था। इस भूमि का अनुमानित मूल्य 20-25 करोड़ रुपये है। यह सरकारी भूमि है।”
मंदार ने बताया कि फारूक नाम का एक व्यक्ति अतिक्रमण में शामिल पाया गया है और उसके खिलाफ प्राथमिकी पहले ही दर्ज की जा चुकी है।
गाजियाबाद के अतिरिक्त आयुक्त राजकरण नैयर ने बताया कि स्थानीय लेखपाल की शिकायत के आधार पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
खोड़ा इलाके में 17 वर्षीय सूर्य चौहान की हत्या के बाद गाजियाबाद में शुरू किए गए व्यापक सत्यापन अभियान के बीच यह कार्रवाई की गई है।
कक्षा 11 के छात्र सूर्य को 28 मई को उसके पड़ोसी असद और अन्य लोगों के साथ हुए विवाद के बाद चाकू मार दिया गया था। सूर्य की 29 मई को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
मुख्य आरोपी असद अगले दिन पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि उसके पिता नवाब और साथियों आरिफ व फरहान को गिरफ्तार कर लिया गया था।
भाषा
जफर पारुल
पारुल