गाजियाबाद (उप्र), दो फरवरी (भाषा) गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक भोजनालय में चाकू मारकर दो युवकों की हत्या के मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए।
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि को इंदिरापुरम के अंडरपास के निकट वाहनों की जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखे जिन्हें वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन वे नहर की ओर भागने लगे।
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि पीछा किए जाने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों की तरफ गोलीबारी की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। बाद में उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि घायल आरोपियों की पहचान भोजनालय पर काम करने वाले राजन और सचिन के रूप में हुई। ये दोनों बदायूं जिले के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने दो ग्राहकों की हत्या और एक अन्य को घायल करने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के बाद आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, तीन कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात गाजियाबाद में एक भोजनालय में मामूली विवाद के बाद दो युवकों की कथित तौर पर चाकू से हमलाकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था।
यह घटना उस समय हुई जब दोनों गुट नशे की हालत में थे और खाना परोसने में देरी को लेकर उनके बीच तीखी बहस हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि खाना परोसने में देरी पर युवकों का भोजनालय के कर्मचारियों से झगड़ा हो गया और आरोप है कि युवकों में से एक ने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद तीनों युवक पीछे की गली में चले गए, जहां होटल मालिक धर्मेंद्र और उसके चार कर्मचारियों ने कथित तौर पर लाठियों और रसोई के चाकुओं से उन पर हमला कर दिया।
ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निमिष पाटिल ने बताया था कि मृतकों की पहचान श्रीपाल (25) और सत्यम (26) के रूप में हुई है। दोनों बहराइच जिले के निवासी थे और खोड़ा की नेहरू विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले रविवार को होटल मालिक धर्मेंद्र को ऑटो स्टैंड से उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा था।
भाषा सं आनन्द शोभना खारी
खारी