गाजीपुर मामला : अफवाहें फैलाने के आरोप में दो ‘एक्स’ खातों के खिलाफ प्राथमिकी
गाजीपुर मामला : अफवाहें फैलाने के आरोप में दो 'एक्स' खातों के खिलाफ प्राथमिकी
लखनऊ/गाजीपुर (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र में एक युवती की मौत को लेकर राजनीतिक उठापटक के बीच पुलिस ने आधारहीन और भ्रामक अफवाहें फैलाने के आरोप में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नाम पर बने दो हैंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गाजीपुर पुलिस ने रविवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि दोनों सोशल मीडिया खातों के खिलाफ करंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बयान के मुताबिक इन सोशल मीडिया हैंडल ने करंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर कथित तौर पर आधारहीन, भ्रामक और झूठी टिप्पणियां करके अफवाहें फैलाईं।
बयान में कहा गया, ‘‘अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत 15 अप्रैल को जमानिया-धरम्मरपुर पुल के पास एक युवती की चप्पल, एक मोबाइल फोन और एक ‘गमछा’ बरामद किया गया। बाद में उसका शव नदी में मिला। उसके परिवार वालों द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर किशोरी के शव का पोस्टमॉर्टम कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार किया गया।’’
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका के पिता की ओर से 19 अप्रैल को दी गई लिखित तहरीर के आधार पर करंडा थाने में हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में गांव के ही रहने वाले मुख्य आरोपी हरिओम पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया है।
गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र में गत 15 अप्रैल को गंगा नदी से किशोरी का शव मिला था। उसके परिवार ने यौन उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। यह विवाद 22 अप्रैल को तब और बढ़ गया जब पीड़ित परिवार से मिलने गए समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल पर गांव में पथराव किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस हमले के सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज

Facebook


