गोंडा सड़क हादसे में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार
गोंडा सड़क हादसे में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार
गोंडा (उत्तर प्रदेश), 12 जून (भाषा) गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर नरायनपुर माझा मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कर्नलगंज के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक दावाच्या ने बताया कि 10 जून की रात हुए इस हादसे के संबंध में भलियनपुरवा निवासी देशराज ने स्थानीय थाने में तहरीर दी थी जिसमें कहा गया कि तरहटा गांव निवासी संजय कुमार तिवारी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे तभी किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर घायल संजय की मदद के लिए मौके पर जुटे थे और उन्हें अस्पताल भेजने की तैयारी कर रहे थे तभी रात करीब 10 बजे दिल्ली में पंजीकृत एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के चालक ने मौजूद घायलों की मदद कर रहे सड़क पर लोगों को कुचल दिया।
दावाच्या ने बताया कि टक्कर के बाद एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर और सड़क किनारे एक पिलर से टकराकर रुक गई। हादसे में गुलशन चौहान, संजय कुमार तिवारी, हसन मोहम्मद, मोहम्मद शाकिर उर्फ इम्तियाज और अंशुमान की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एसयूवी में सवार मोहम्मद शोएब और मोहम्मद आबिद को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी

Facebook


